रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले तैयार, तलवार चलाने के साथ आंखें भी टिमटिमाएगा रावण; शहर के चार प्रमुख स्थानों पर होंगे आयोजन
देहरादून। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व मंगलवार को देहरादून में धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर के परेड ग्राउंड, रेसकोर्स, लक्ष्मण चौक और प्रेमनगर में भव्य दशहरा मेले आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया जाएगा। आकर्षक रोशनी, आतिशबाजी और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले का मुख्य आकर्षण रहेंगे।
दशहरा आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न स्थानों पर पुतलों को अंतिम रूप दे दिया गया है। आयोजन स्थलों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। वहीं, मेले में खरीदारी और खानपान के लिए दुकानें भी सज गई हैं। इस बार पुतलों को खास तकनीक से तैयार किया गया है। रावण की आंखों और शस्त्रों से रोशनी चमकेगी, जबकि कुछ पुतलों में विशेष तकनीक के जरिए गतिविधियां भी दिखाई देंगी।
परेड ग्राउंड में 181 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन
बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी के प्रधान संतोख नागपाल ने बताया कि परेड ग्राउंड में 79वें दशहरा महोत्सव के तहत 181 फीट ऊंचा रावण और 70-70 फीट ऊंचे मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतले तैयार किए गए हैं। इनका दहन रिमोट के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा दोपहर एक बजे श्री गोपीनाथ मंदिर से रवाना होकर परेड ग्राउंड पहुंचेगी। यहां शाम को लंका दहन के साथ पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विशालकाय पुतलों और आतिशबाजी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
तलवार चलाएगा और आंखें टिमटिमाएगा रावण
लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी की ओर से हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज के मैदान में भव्य दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। सोसाइटी के मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ बंसल और महामंत्री प्रदीप दुग्गल ने बताया कि यहां 60 फीट ऊंचे रावण के साथ मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी तैयार किए गए हैं।
पुतलों को एलईडी लाइटों से सजाया गया है। इस बार रावण का पुतला तलवार चलाने के साथ आंखें भी टिमटिमाएगा। विशेष रोशनी और आतिशबाजी के बीच होने वाला दहन मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
कहां और कितने बजे होगा रावण दहन?
देहरादून में दशहरा पर्व के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पुतला दहन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
- परेड ग्राउंड: शाम 5:30 बजे लंका दहन, 5:45 बजे मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन तथा 6:05 बजे रावण दहन होगा।
- दशहरा ग्राउंड, प्रेमनगर: शाम 5:50 बजे लंका दहन और 6:35 बजे रावण दहन होगा।
- रेसकोर्स, श्री गुरु नानक मैदान: शाम 6 बजे पुतला दहन होगा।
- हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज, लक्ष्मण चौक: शाम 7:30 बजे लंका दहन और रात 8 बजे रावण दहन होगा।
प्रेमनगर में भी होगा भव्य पुतला दहन
श्री रामकला समिति के अध्यक्ष राकेश महेंद्रू ने बताया कि सोसाइटी के सहयोग से कॉलेज परिसर में लंका दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
वहीं, धर्मशाला समिति दशहरा कमेटी प्रेमनगर के संयोजक राजीव पुंज ने बताया कि प्रेमनगर में 79वें दशहरा महोत्सव के तहत रावण का 60 फीट, मेघनाद का 50 फीट और कुंभकर्ण का 45 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। यहां भी पारंपरिक उत्साह के साथ पुतला दहन किया जाएगा।
शहर में दशहरा महोत्सव को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। शाम होते ही विभिन्न आयोजन स्थलों पर लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। विशाल पुतलों के दहन, आतिशबाजी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।








