महाराज ने नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से की शिष्टाचार भेंट

देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को लोक भवन पहुंचकर उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने डॉ. बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सतपाल महाराज ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड जैसे महत्वपूर्ण राज्य का राज्यपाल नियुक्त किया जाना प्रदेश के लिए हर्ष का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. बिसेन का अनुभव और मार्गदर्शन राज्य के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन एक अनुभवी जननेता, वरिष्ठ चिकित्सक और कुशल प्रशासक हैं। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के एक किसान परिवार से आने वाले डॉ. बिसेन ने अपने राजनीतिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह चार बार विधायक रहने के साथ मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री, वित्त आयोग के अध्यक्ष और बालाघाट से लोकसभा सांसद के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

महाराज ने कहा कि आयुर्वेद और होम्योपैथी चिकित्सा के क्षेत्र में विशेषज्ञता के साथ डॉ. बिसेन का लंबा जनसेवा अनुभव उत्तराखंड के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के संवैधानिक नेतृत्व, मार्गदर्शन और प्रशासनिक अनुभव से प्रदेश को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल करने में मदद मिलेगी।

सतपाल महाराज ने कहा, “मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके संवैधानिक नेतृत्व, मार्गदर्शन और अनुभव से उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।”

Author:

Leave a Comment

और पढ़ें