Uttarakhand Weather: 48 घंटे अलर्ट! पहाड़ से मैदान तक बारिश और आंधी का खतरा

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम के इस बदलाव ने जहां कुछ जगहों पर राहत दी है, वहीं कई क्षेत्रों में परेशानी भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में मूसलाधार बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए देहरादून, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।

प्रदेश के शेष पर्वतीय क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गर्जन और तेज हवाओं का असर देखा जा सकता है। बारिश के चलते राज्य के अधिकांश इलाकों में तापमान में गिरावट आई है। कई जगहों पर पारा 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

प्रमुख शहरों का तापमान

बीते मंगलवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 34.7°C और न्यूनतम 21.8°C दर्ज किया गया। ऊधम सिंह नगर में अधिकतम 36.4°C और न्यूनतम 22.0°C रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 28.1°C और न्यूनतम 13.9°C दर्ज हुआ, जबकि नई टिहरी में अधिकतम 25.6°C और न्यूनतम 15.2°C तापमान रहा।

Author:

Leave a Comment

और पढ़ें