देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में ₹1,700 प्रतिमाह की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद आशा कार्यकर्ताओं को मिलने वाला मानदेय ₹8,300 से बढ़कर ₹10,000 प्रतिमाह हो जाएगा। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के संबंध में निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि खनन की बढ़ी हुई दरों के आधार पर रॉयल्टी में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, आबकारी, वन और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
कैबिनेट बैठक में श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी प्रदान की गई। इसके तहत अब संगठित क्षेत्र के साथ-साथ असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को भी शामिल किया गया है। वहीं, उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में ईएसआई में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता में संशोधन किया गया है। अब डी. फार्मा के साथ बी. फार्मा डिग्रीधारक भी फार्मासिस्ट पद के लिए पात्र होंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन नियमावली में संशोधन को भी मंजूरी मिली है।
राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले विद्यार्थियों के लिए दो वर्ष का बॉन्ड अनिवार्य किया गया है। इसके तहत पीजी कोर्स पूरा करने के बाद विद्यार्थियों को दो साल तक प्रदेश में अपनी सेवाएं देनी होंगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाना है।
चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से गारंटर बनने पर भी सहमति बनी है। इसके अलावा उत्तराखंड पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026 के प्रख्यापन को मंजूरी दी गई। प्रदेश में निर्माण कार्यों के लिए इम्पैनल संस्थानों की सूची से एनएचआईडीसीएल को हटाने का निर्णय लिया गया। वहीं, सेतु आयोग के विभागीय ढांचे को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिली। विधानसभा के मानसून सत्र के सत्रावसान के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
बाबूग्राम और बिंदुखत्ता के लोगों को मालिकाना हक मिलने की उम्मीद
कैबिनेट बैठक में बाबूग्राम, बिंदुखत्ता सहित अन्य क्षेत्रों में वर्षों से वन भूमि पर बसे लोगों के हित में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इन क्षेत्रों को वन भूमि से डीरिजर्व किए जाने से संबंधित प्रस्ताव भारत सरकार को भेजने की मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में लंबे समय से रह रहे लोगों की भूमि को नियमित करने के लिए नीति तैयार करने के उद्देश्य से उप मंत्रिमंडलीय समिति के गठन को भी मंजूरी दी गई है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी का प्रस्ताव भी बैठक में चर्चा का प्रमुख विषय रहा। इस संबंध में अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
कुल मिलाकर, कैबिनेट के इन 23 फैसलों में सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, कर्मचारियों के हितों और प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है।








