हरिद्वार: ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग चार मामलों में महिलाओं और बुजुर्गों समेत कई लोगों से करीब 15 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली गई. शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर सेल से जांच कर मामले ज्वालापुर कोतवाली ट्रांसफर किए गए. जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं नगर कोतवाली क्षेत्र में भी एक व्यक्ति से साढ़े तीन लाख की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि अनजान नंबर से कॉल रिसीव करते ही खाते से अलग अलग समय पर रकम निकाली गई.
पहला मामला सुभाषनगर ज्वालापुर निवासी विमला देवी पत्नी रामाशंकर ने साइबर पुलिस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी. बताया कि एक अप्रैल को उनके बैंक खाते से 1 लाख 83 हजार रुपये की रकम धोखाधड़ी कर निकाल ली गई. उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत की. दूसरे मामले में जगदीश नगर सेक्टर-2 बैरियर ज्वालापुर निवासी सुशील कुमार गुप्ता साइबर ठगी का शिकार हो गए. शिकायत में उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को ठगों ने किसी तरह उनके बैंक खाते तक पहुंच बनाकर 1 लाख 40 हजार रुपये की रकम उड़ा ली. पता चलने पर उन्होंने बैंक और साइबर हेल्पलाइन से संपर्क किया. तीसरे मामले में पूर्वी नाथ नगर निवासी बुजुर्ग लक्ष्मण दास गुलाटी को साइबर अपराधियों ने अपना शिकार बनाया.
ठगों ने उनके खाते से 1 लाख 49 हजार 205 रुपये की रकम निकाल ली. पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की. वहीं पूर्वी नाथ नगर निवासी 60 वर्षीय दलजीत सिंह के साथ सबसे बड़ी ठगी हुई. साइबर ठगों ने उनके खाते से 10 लाख 80 हजार रुपये निकाल लिए. मोबाइल फोन पर लगातार रकम कटने के मैसेज आने के बाद वह बैंक पहुंचे और खाते की जानकारी ली. मामले की शिकायत साइबर पोर्टल पर दर्ज कराई गई. चारों मामलों में साइबर सेल ने तकनीकी जांच के बाद केस ज्वालापुर कोतवाली भेजे हैं. ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि सभी मामलों में मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं.
बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं नगर कोतवाली क्षेत्र में भी साइबर ठगी का अलग मामला सामने आया. यहां निरंजनी अखाड़ा रोड निवासी गया प्रसाद गैरोला के खाते से भी साढ़े तीन लाख रुपए निकाल लिए गए. उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि बीती चार मई को आंजन नंबर से कॉल आई थी और कॉल रिसीव करते ही खाते से रुपए निकलने के मैसेज आने लगे. सात मई तक उनके खाते से करीब साढ़े तीन लाख रुपए से अधिक की नकदी निकाल ली गई. बैंक को भी इसकी जानकारी नहीं है. वहीं नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.






