उत्तराखंड में 15 हजार से अधिक परिवारों को मिलेगी पक्की छत, दिसंबर तक पूरा होगा आवास निर्माण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) के तहत पात्र परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं। प्रदेश में चल रही आवासीय परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को अपने पक्के घर की सौगात मिलने की उम्मीद है। आवास विभाग ने लंबित परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 30 सितंबर 2026 तक की समयसीमा निर्धारित की है।

आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश के अनुसार, प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत कुल 18 परियोजनाओं में 15,496 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से करीब 84 प्रतिशत यानी 12,948 आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, 1,271 आवासों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी हैं। इनमें 768 लाभार्थी रुड़की और 503 लाभार्थी हरिद्वार के हैं।

विभाग ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि लंबित आवासीय परियोजनाओं का निर्माण हर हाल में 30 सितंबर तक पूरा किया जाए, ताकि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराया जा सके।

ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक 10,200 आवास

प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत सबसे अधिक 10,200 आवास ऊधमसिंह नगर जिले में बनाए जा रहे हैं। इनमें रुद्रपुर हाउसिंग स्कीम के 1,872 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।

इसके अलावा भवानीपुर (जसपुर) में 1,264, उकरौली-1 (सितारगंज) में 1,168, उकरौली-2 (सितारगंज) में 864, कनकपुर (काशीपुर) में 1,256, मटकोटा (रुद्रपुर) में 928, श्यामनगर (गदरपुर) में 928, महुवाखेड़ागंज में 824, मानपुर (काशीपुर) में 512 और गंगापुर गोसाल (काशीपुर) में 584 आवासों का निर्माण किया जा रहा है।

हरिद्वार में 4,528 आवास निर्माणाधीन

हरिद्वार जिले में कुल 4,528 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें मंगलौर में 544, झब्बरपुर में 448, अन्नेखी में 1,152, बेल्दी (बेलड़ी, रुड़की) में 1,088, शिकारपुर में 768 और इंद्रलोक आवासीय योजना में 528 आवास शामिल हैं।

नैनीताल में सभी 528 आवास पूरे

नैनीताल जिले के उम्मेदनगर (रामनगर) में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत सभी 528 आवासीय इकाइयों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।

देहरादून में 180 आवास तैयार

देहरादून जिले में धौलास हाउसिंग स्कीम के तहत 240 आवास बनाए जा रहे हैं। इनमें से 180 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।

गरीब परिवारों के सम्मान और सुरक्षा की मजबूत नींव : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के अनुरूप प्रदेश सरकार विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में हजारों गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इस योजना का सीधा लाभ मिला है। पात्र परिवारों को और अधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने योजना में अपनी हिस्सेदारी 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री के लक्ष्य “हर पात्र परिवार का अपना घर” को साकार करने के लिए आवास विभाग द्वारा निर्माणाधीन परियोजनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

Author:

Leave a Comment

और पढ़ें