देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व इगास बग्वाल की धूम के बीच सूचना महानिदेशक एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी पहाड़ी संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए। देहरादून के बंजारावाला स्थित गंगोत्री विहार में आयोजित इगास बग्वाल के विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने पारंपरिक पहाड़ी गीतों पर जमकर नृत्य किया। उनकी इस उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह दोगुना कर दिया।
दीपावली के 11 दिन बाद मनाए जाने वाले उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोकगीतों और पारंपरिक संस्कृति की शानदार छटा देखने को मिली। जैसे ही पहाड़ी लोकगीतों की धुन गूंजी, बंशीधर तिवारी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी उनके साथ नृत्य कर कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बंशीधर तिवारी ने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग भले ही देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच गए हों, लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इगास जैसे पारंपरिक लोकपर्व उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं और इन्हें संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन न केवल हमारी पुरानी परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी लोक विरासत से जोड़ने और समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द एवं मेलजोल को बढ़ावा देने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में बंशीधर तिवारी की सहज सहभागिता और पहाड़ी गीतों पर उनके नृत्य ने यह संदेश दिया कि लोक संस्कृति का संरक्षण केवल बातों से नहीं, बल्कि उसे अपने जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाने से संभव है। इगास के इस आयोजन में पारंपरिक संस्कृति के प्रति उत्साह और अपनी जड़ों से जुड़ाव का सुंदर दृश्य देखने को मिला।






