नैनीताल में बड़ा हादसा टला: पर्यटकों से भरी कार झील में गिरी, स्थानीय लोगों ने बचाई 4 जिंदगियां

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से बड़ी खबर सामने आई है. यूपी मुरादाबाद के पर्यटकों से भरी कार बेकाबू होकर सड़क से नीचे सरिता ताल झील में जा गिरी. कार में चार लोग सवार थे. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस के चलते सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.

जानकारी के अनुसार मुरादाबाद निवासी चार पर्यटक नैनीताल घूमने के बाद कार से वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान नैनीताल-मुरादाबाद मार्ग पर सरिता ताल क्षेत्र के पास उनकी कार अचानक बेकाबू हो गई. चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क से नीचे खाई की ओर लुढ़कते हुए सरिता ताल झील में जा गिरी. हादसे को देख आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया.

दुर्घटना के बाद कार में सवार कुछ लोग खुद बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि दो अन्य लोग वाहन के भीतर फंसे हुए थे. स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए बचाव अभियान चलाया और दोनों पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. क्षेत्रीय निवासी अभय बवाड़ी ने बताया कि कार नैनीताल से मुरादाबाद की ओर जा रही थी. अचानक वाहन बेकाबू होकर पहाड़ी से नीचे गिर गया और सीधे सरिता ताल झील में जा पहुंचा.

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मिलकर सभी यात्रियों को बाहर निकाला. सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.

प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया. यदि समय रहते मदद नहीं मिलती तो यह दुर्घटना गंभीर रूप ले सकती थी. फिलहाल सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और प्रशासन द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

Author:

Leave a Comment

और पढ़ें