सूरी चौक के पास गाड़ी में बैठने को लेकर हुआ था विवाद, मारपीट में गंभीर रूप से घायल किशोर को दोस्त दून अस्पताल लेकर पहुंचे; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
देहरादून। राजधानी देहरादून में दीपावली की रात मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर अर्श अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने कुछ युवकों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, केवल कॉलोनी, सहस्रधारा रोड निवासी नदीम अंसारी का 15 वर्षीय बेटा अर्श रविवार रात सूरी चौक के पास अपने एक दोस्त के घर दीपावली की पार्टी में गया था। परिजनों के मुताबिक, पार्टी के बाद जब अर्श गाड़ी में बैठ रहा था, तभी गाड़ी का पहिया कुछ युवकों के पैरों पर चढ़ गया। इसी बात को लेकर अर्श और युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने अर्श के साथ जमकर मारपीट की। परिजनों का दावा है कि मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि अर्श गंभीर रूप से घायल हो गया और गाड़ी की सीट तक खून से लाल हो गई।
बताया जा रहा है कि पार्टी में मौजूद अर्श का एक दोस्त उसे घायल अवस्था में देर रात दून अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचा। हालांकि, अस्पताल में उसने अर्श की पहचान बताने के बजाय उसे अज्ञात के रूप में भर्ती कराया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने तक अर्श की मौत हो चुकी थी और उसे अस्पताल छोड़कर उसका दोस्त वहां से चला गया।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने मृतक की शिनाख्त की और परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना को हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मामले में सीओ डालनवाला नितिन लोहानी ने बताया कि रविवार देर रात दून अस्पताल की इमरजेंसी से पुलिस को सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। विवाद की वजह और किशोर की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








