
भीमताल ब्लॉक से दिल दहला देने वाली बड़ी खबर सामने आई है। मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई बुजुर्ग महिला की वन्यजीव के हमले में मौत हो गई। लापता होने के करीब 24 घंटे बाद मंगलवार सुबह महिला का शव जंगल की खाई से बरामद किया गया।
भीमताल ब्लॉक के वार्ड नंबर छह, जून स्टेट निवासी गंगा देवी (60) पत्नी राजेंद्र प्रसाद सोमवार सुबह करीब 10 बजे चारा लेने जंगल गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा दी गई सूचना के बाद ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने तलाश शुरू की।
मंगलवार सुबह जंगल के भीतर खाई में महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। शरीर पर गहरे घाव पाए गए हैं, जिससे वन्यजीव के हमले की आशंका जताई जा रही है।
पूर्व चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया ने बताया कि महिला की मौत वन्यजीव के हमले से हुई है और प्रथम दृष्टया हमला बाघ द्वारा किए जाने की संभावना है।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी दहशत फैल गई है। ग्रामीणों में आक्रोश है और परिजन गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में तत्काल गश्त बढ़ाने, ट्रैप कैमरे लगाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
Author: Uttarakhand Headline
Chief Editor . Shankar Datt , Khatima, u.s.nagar , Uttarakhand,262308









