कैबिनेट विस्तार के बाद अब बारी विभागों की, आज हो सकता है ऐलान

देहरादून। धामी मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद पांच नए मंत्रियों को फिलहाल अपने विभागों के आवंटन के लिए एक दिन का और इंतजार करना पड़ सकता है। यद्यपि, सरकार ने मंत्रियों को संकेत दिए हैं कि वे सोमवार से अपना कार्यभार संभालेंगे।

ऐसे में यह संभावना है कि रविवार को मंत्रियों को उनके विभागों का आवंटन कर दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, केवल नए मंत्रियों को विभाग सौंपने तक ही यह प्रक्रिया सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।

कैबिनेट को मिले पांच मंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल को पूरा आकार दिया है। इस क्रम में विधायक खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा को नया मंत्री बनाया गया है। असल में धामी मंत्रिमंडल में पांच मंत्री पद लंबे समय से रिक्त चल रहे थे।

इनमें तीन पद पहले से ही रिक्त रखे गए थे, एक पद पूर्व मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद रिक्त हुआ था और दूसरा पद प्रेम चंद अग्रवाल के मंत्री पद से इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुआ था। इन परिस्थितियों में इन मंत्रियों के विभाग भी मुख्यमंत्री के पास थे। वर्तमान में मुख्यमंत्री के पास 35 से अधिक विभागों का दायित्व है।

अब पांचों मंत्री पद भरे जाने के बाद इन्हें विभाग आवंटन को मंथन जारी है। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में विभागों के संभावित बंटवारे को लेकर चर्चाओं का दौर बना हुआ है। यहां तक कि इंटरनेट मीडिया में तो विभागों के आवंटन संबधी फर्जी सूचनाएं चल रही हैं।
सूत्रों की मानें तो सरकार क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन के साथ-साथ प्रशासनिक दक्षता को ध्यान में रखते हुए विभागों का पुनर्गठन करना चाहती है। यही कारण है कि विभागों के आवंटन में जल्दबाजी के बजाय संतुलित निर्णय लेने की रणनीति अपनाई जा रही है। इस प्रक्रिया में कुछ अहम विभागों में फेरबदल के साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने की संभावना है।

वहीं, मौजूदा कैबिनेट मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। फिलहाल, सभी की नजरें विभागों के अंतिम आवंटन पर टिकी हैं, जिसे लेकर रविवार को औपचारिक घोषणा होने की संभावना है।

Uttarakhand Headline
Author: Uttarakhand Headline

Chief Editor . Shankar Datt , Khatima, u.s.nagar , Uttarakhand,262308

Leave a Comment

और पढ़ें