सिद्धार्थ साह बने उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश, चीफ जस्टिस जी नरेंद्र ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ

नैनीताल: अधिवक्ता सिद्धार्थ साह ने गुरुवार को उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की. उन्हें मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी नरेंद्र ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. उनके शपथ ग्रहण करने के बाद हाईकोर्ट में जजों की संख्या 10 हो गई है. हालांकि मुख्य न्यायाधीश जी नरेंद्र एक दिन बाद यानी 9 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं.

गुरुवार को नैनीताल हाईकोर्ट में मुख्य न्यायधीश कोर्ट में आयोजित शपथ ग्रहण में रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता ने सिद्धार्थ साह को उत्तराखंड हाईकोर्ट का जज नियुक्त करने सम्बन्धी राष्ट्रपति के हस्ताक्षरों से जारी वारंट को पढ़ा. जिसके बाद मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायधीश के रूप में शपथ दिलाई.

इस मौके पर वरिष्ठ न्यायधीश न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक वर्मा, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आशीष नैथानी, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय और महाधिवक्ता एस एन बाबुलकर मौजूद थे. इनके साथ ही मुख्य स्थायी अधिवक्ता सीएस रावत, बार एसोसिएशन अध्यक्ष डीसीएस रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, बार काउंसिल के सदस्य डीके शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता अवतार सिंह रावत, एमसी कांडपाल भी मौजूद थे.

इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सेवानिवृत्त न्यायधीश न्यायमूर्ति राजेश टण्डन, न्यायमूर्ति बी एस वर्मा, न्यायमूर्ति शरद शर्मा, न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह के पिता व अधिवक्ता एमएल साह, वरिष्ठ पत्रकार राजीव लोचन साह, पद्मश्री अनूप साह सहित उनकी पत्नी, बच्चे, पारिवारिक जन, रिश्तेदार और पुलिस -प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे.

गौरतलब है कि कल शुक्रवार को उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुहानाथन नरेंद्र अपने पद से रिटायर हो रहे हैं. मुख्य न्यायाधीश जी नरेंद्र ने 26.12.2024 को उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभाला था. दिलचस्प बात ये है कि चीफ जस्टिस न्यायमूर्ति जी नरेंद्र एक शानदार एनसीसी कैडेट और मार्शल आर्ट के खिलाड़ी रहे हैं. अपने पढ़ाई के दिनों में वो एनसीसी के सर्वश्रेष्ठ कैडेट के रूप में सम्मानित हुए थे. इसके साथ ही जूडो राज्य चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता बने थे.

Uttarakhand Headline
Author: Uttarakhand Headline

Chief Editor . Shankar Datt , Khatima, u.s.nagar , Uttarakhand,262308

Leave a Comment

और पढ़ें