देहरादून 8 दिसंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा-2025 के हाईस्कूल टॉपर 240 छात्रों के दल को “भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण” के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विभिन्न दलों में विभाजित ये छात्र देश के प्रमुख वैज्ञानिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।
एससीईआरटी, ननूरखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि “भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण” का उद्देश्य प्रतिभावान छात्रों को भारत की प्रगति, विज्ञान, तकनीक, इतिहास और संस्कृति से प्रत्यक्ष रूबरू कराना है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे अपनी डायरी में न केवल यात्रा अनुभवों को दर्ज करें, बल्कि उत्तराखंड में पहली बार हुए नवाचारों और उपलब्धियों को भी लिखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने देश में पहली बार यूसीसी लागू कर एक मिसाल कायम की है। राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून, सतत विकास लक्ष्यों में प्रथम स्थान, कर्तव्य पथ पर प्रथम स्थान प्राप्त झांकी, 27 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां, राष्ट्रीय खेलों का आयोजन, भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक कार्रवाई, 10 हजार एकड़ भूमि अतिक्रमण से मुक्ति, मदरसा बोर्ड समाप्ति और मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट जैसे अनेक उपलब्धियां प्राप्त की हैं।
उन्होंने कहा कि लौटने पर छात्रों की डायरी के आधार पर हर जनपद के दो-दो श्रेष्ठ छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024-25 से प्रारम्भ इस कार्यक्रम के पहले चरण में 156 छात्रों ने देश के प्रमुख वैज्ञानिक व तकनीकी संस्थानों का भ्रमण किया था, जबकि इस वर्ष संख्या बढ़कर 240 हो गई है। छात्र इसरो, श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, यूआर राव उपग्रह केंद्र और विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र जैसे प्रतिष्ठित स्थानों का दौरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि तकनीकी संस्थानों का प्रत्यक्ष अनुभव छात्रों की दृष्टि को विस्तृत करेगा और टीमवर्क, सामाजिक कौशल तथा आत्मविश्वास में वृद्धि करेगा। ये छात्र देशभर में उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और पर्यटन का संदेश भी पहुंचाएंगे।
मुख्यमंत्री ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज का युग ज्ञान और कौशल का है। ये प्रतिभाशाली छात्र आगे चलकर वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, कलाकार, उद्यमी और नीति निर्माता बनेंगे। उन्होंने छात्रों से अपने सपनों को बड़ा रखने और कठिनाइयों से सीखकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संविधान दिवस पर 23 हजार स्कूलों में वंदेमातरम गायन आयोजित हुआ, जिसमें 21 लाख लोगों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से इस शैक्षिक भ्रमण में एक हजार प्रतिभाशाली छात्रों को भेजने की स्वीकृति दे दी गई है।
कार्यक्रम में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, सचिव रविनाथ रामन, अपर सचिव रंजना राजगुरु, शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Uttarakhand Headline
Chief Editor . Shankar Datt , Khatima, u.s.nagar , Uttarakhand,262308








