निर्बल वर्ग के परिवारों को व्यक्तिगत रूप से 35 हजार और समूहों को 1.20 लाख रुपये तक की सहायता; मधुमक्खी पालन, बकरी पालन, मत्स्य पालन सहित कई स्वरोजगार गतिविधियों को मिलेगा प्रोत्साहन।
देहरादून। उत्तराखंड में ग्रामीण क्षेत्रों के कमजोर एवं निर्बल वर्ग के परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जलागम विभाग की ओर से विशेष पहल की जा रही है। उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के तहत पात्र परिवारों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना के माध्यम से परियोजना क्षेत्र के करीब 7 हजार परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसका उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।
मंत्री ने बताया कि मूल रूप से उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना का उद्देश्य वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों में कृषि एवं औद्यानिकी को बढ़ावा देना तथा ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को कम करना है। इसके साथ ही परियोजना में निर्बल वर्ग के परिवारों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल भी शामिल की गई है।
व्यक्तिगत लाभार्थियों को 35 हजार, समूहों को 1.20 लाख रुपये तक की सहायता
योजना के तहत व्यक्तिगत लाभार्थियों को अधिकतम 35 हजार रुपये तथा समूहों को अधिकतम 1 लाख 20 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है। व्यक्तिगत लाभार्थी इस राशि से मधुमक्खी पालन, प्लम्बर, इलेक्ट्रिशियन, मुर्गी पालन, बकरी पालन और घराट संचालन जैसे स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं।
वहीं, समूहों को बैंड पार्टी, टेंट हाउस, फल संरक्षण, अचार निर्माण और मछली पालन जैसी गतिविधियों के लिए आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। विभाग के अनुसार, कई ग्रामीण परिवार इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा चुके हैं।
ग्राम सभा की खुली बैठक में होगा लाभार्थियों का चयन
योजना के अंतर्गत लाभार्थियों का चयन ग्राम सभा की खुली बैठक में आर्थिक वर्गीकरण के आधार पर किया जाता है, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाया जा सके।
यह परियोजना प्रदेश के नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों के 15 विकासखंडों की 519 ग्राम पंचायतों में संचालित की जा रही है।
जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि परियोजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। स्वरोजगार के माध्यम से परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और उनके सर्वांगीण विकास का रास्ता खुलता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चयनित लाभार्थियों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।







