कोटद्वार/देहरादून। लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के स्टोर से हाथी का दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रमुख मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख कपिल लाल ने लालढांग रेंज अधिकारी अनुराग जोशी और तत्कालीन मालखाना प्रभारी डिप्टी रेंजर भगवत प्रसाद भट्टुला को निलंबित कर दिया है। वहीं, मामले में संदिग्ध भूमिका सामने आने पर कंप्यूटर ऑपरेटर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, लालढांग रेंज के स्टोर से हाथी का दांत गायब होने का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने जांच समिति गठित कर मामले की पड़ताल कराई थी। जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों तथा अभिलेखों की जांच की गई। जांच रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर विभाग ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
इस मामले में लालढांग रेंज के वर्तमान मालखाना प्रभारी वन दरोगा वीरेंद्र सिंह को भी पहले ही निलंबित किया जा चुका है। इसके अलावा जांच समिति ने रेंज में उपनल के माध्यम से तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर हेमंत कुमार की भूमिका को भी संदिग्ध माना है। इसके बाद डीएफओ तरुण एस की ओर से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
हालांकि, जांच समिति ने उपनल कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कोई स्पष्ट संस्तुति नहीं दी है। हाथी का दांत गायब होने जैसे गंभीर मामले में वन विभाग की इस कार्रवाई को विभागीय लापरवाही और जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।








