देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह से जुड़े कथित वायरल ऑडियो प्रकरण का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को पीड़ित बालक राम की बेटी दीक्षा से फोन पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग और सुरक्षा प्रदान करने का भरोसा दिलाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पीड़ित परिवार से फोन पर की बात
मुख्यमंत्री धामी ने दीक्षा से बातचीत के दौरान प्रकरण से संबंधित तथ्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को मामले की निष्पक्षता से जांच करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कथित ऑडियो में अभद्र भाषा और धमकी देने के आरोप
मालूम हो कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित वायरल ऑडियो को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि इस ऑडियो में कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई चमन सिंह ने बालक राम, उनके परिवार और उनकी बेटियों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया तथा धमकी दी। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता: सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति या परिवार को भय के माहौल में रहने के लिए मजबूर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी और मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






