उत्तराखंड न्याय यात्रा: कांग्रेस ने चार स्थानों से भरी हुंकार, अंकिता भंडारी को न्याय और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेेरा

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेशभर में उत्तराखंड न्याय यात्रा का आगाज किया। राज्य के चार अलग-अलग स्थानों से शुरू हुई इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर प्रदेश सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस ने इस अभियान को जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने का माध्यम बनाया है।

देहरादून में कांग्रेस मुख्यालय से निकली न्याय यात्रा

देहरादून में राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय से चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में न्याय यात्रा निकाली गई। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान को गति देने के उद्देश्य से निकाली जा रही इस यात्रा में विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।

देहरादून जिले में यात्रा की जिम्मेदारी प्रदेश चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला को सौंपी गई है।

बदरीनाथ धाम से गढ़वाल मंडल में यात्रा की शुरुआत

गढ़वाल मंडल में उत्तराखंड न्याय यात्रा का शुभारंभ बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और विधायक लखपत सिंह बुटोला कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का उद्देश्य यात्रा के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनसमस्याओं को उठाना और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के बीच अपनी बात पहुंचाना है।

हरिद्वार में वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी

हरिद्वार जिले में न्याय यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत के साथ विधायक काजी निजामुद्दीन, ममता राकेश, फुरकान अहमद, रवि बहादुर, अनुपमा रावत और वीरेंद्र कुमार जाति कर रहे हैं। यहां भी कांग्रेस महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साध रही है।

चितई गोल्ज्यू मंदिर से कुमाऊं में न्याय यात्रा का आगाज

अल्मोड़ा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को चितई गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उत्तराखंड न्याय यात्रा शुरू हुई। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत निकाली जा रही इस यात्रा में महिला अपराध, बिगड़ती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में आवाज उठाई गई।

यात्रा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, कांग्रेस के पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य करन माहरा और विधायक तिलकराज बेहड़ समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

चितई गोल्ज्यू मंदिर से शुरू हुई यात्रा एनटीडी और धारानौला होते हुए माल रोड स्थित गांधी पार्क पहुंची। यहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद यात्रा रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना हुई।

‘अंकिता भंडारी को अब तक न्याय नहीं मिला’: यशपाल आर्य

यात्रा के शुभारंभ पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि गोल्ज्यू न्याय के देवता और जनआस्था के प्रमुख प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि न्याय की गुहार लेकर कांग्रेस गोल्ज्यू के दरबार में पहुंची है।

यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में अन्याय की पराकाष्ठा हो गई है और अंकिता भंडारी को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि न्याय, महिला सुरक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस अपनी आवाज उठाती रहेगी।

जनमुद्दों के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी

उत्तराखंड न्याय यात्रा के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने की तैयारी में है। अंकिता भंडारी प्रकरण, महिला सुरक्षा, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था इस अभियान के प्रमुख मुद्दे हैं।

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस की इस यात्रा को प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज करने और सरकार के खिलाफ जनसमर्थन जुटाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

Author:

Leave a Comment

और पढ़ें