हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में रामपुर रोड स्थित सरगम सिनेमा के पास एक होटल के कमरे में मंगलवार को 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।
ट्रांसपोर्ट नगर में करता था काम
जानकारी के अनुसार, मृतक टनकपुर रोड का रहने वाला था और ट्रांसपोर्ट नगर में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह अपनी महिला मित्र के साथ होटल में मौजूद था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दोनों ने होटल में बीयर का सेवन किया था। इसके अलावा, युवक द्वारा सेक्सवर्धक दवाइयों के सेवन की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन तथ्यों का युवक की मौत से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
दोनों के परिवारों में पहले से चल रहा था विवाद
पुलिस के मुताबिक, महिला मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है और युवक की पुरानी परिचित बताई जा रही है। दोनों शादीशुदा थे। युवक के तीन बच्चे हैं, जबकि महिला के दो बच्चे बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों के आपसी मेल-जोल को लेकर युवक के परिवार में पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने बताया कि होटल में युवक की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस होटल में युवक के साथ मौजूद महिला से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।







