रायपुर में बुजुर्ग दंपत्ति समेत तीन की हत्या, प्लम्बर गिरफ्तार
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को बुजुर्ग दंपत्ति और एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपत्ति के घर पर प्लम्बिंग का काम करता था और मंगलवार को भी दंपत्ति के बुलाने पर उनके घर आया था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने कथित तौर पर पेचकस से हमला कर तीनों की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार 6 अक्टूबर को अपराह्न करीब 3:10 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना रायपुर को तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा घर में चोरी किए जाने और स्थानीय लोगों द्वारा उसे पकड़ लिए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था। पूछताछ में सामने आया कि उसने घर में रहने वाले बुजुर्ग दंपत्ति और एक महिला पर पेचकस से हमला किया था। पुलिस ने घर के अंदर जाकर देखा तो तीनों गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में पड़े थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। हिरासत में लिए गए आरोपी राजकुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है।
पूछताछ में सामने आई वारदात की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्लम्बर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपत्ति के घर प्लम्बिंग के कार्य के लिए आता-जाता था। मंगलवार को भी वह दंपत्ति के बुलाने पर उनके घर पहुंचा था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर उसकी बुजुर्ग दंपत्ति से कहासुनी हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपत्ति पर हमला कर दिया। इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला नौकरानी बुजुर्ग दंपत्ति की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस द्वारा खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपी बुजुर्ग दंपत्ति के घर की ओर अकेले जाते हुए दिखाई दिया है। पुलिस अन्य सीसीटीवी फुटेज का भी गहनता से अवलोकन कर रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास, थाना कोतवाली नगर, देहरादून। मूल निवासी बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश।
मृतकों का विवरण
- रजनी कपूर (75) पत्नी रमेश चंद्र कपूर, निवासी लेन नंबर-2, विष्णुलोक कॉलोनी, तपोवन रोड, थाना रायपुर, देहरादून।
- रमेश कपूर (80) पुत्र स्व. द्वारिका दास कपूर, निवासी उपरोक्त।
- तिलया देवी उर्फ शीला (48) पत्नी स्व. पवन राम, निवासी बिहारी बस्ती, विद्या विहार, थाना रायपुर, देहरादून।
बरामदगी: वारदात में प्रयुक्त पेचकस।









