देहरादून। मोहब्बेवाला चौक के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ईंटों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर ग्राफिक एरा हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए पलट गया। हादसे के दौरान तेज आवाज से हॉस्टल में मौजूद छात्र सहम गए। दुर्घटना में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब सात बजे हुआ। ईंटों से लदा ट्रक मोहंड की ओर से देहरादून शहर की तरफ आ रहा था। मोहब्बेवाला क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर से गुजरते समय अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान ट्रक के ब्रेक फेल हो गए।
ब्रेक फेल होने के बाद ट्रक करीब 200 मीटर तक बेकाबू होकर दौड़ता रहा। इसके बाद ट्रक बैरियर से टकराया और ग्राफिक एरा हॉस्टल की दीवार को तोड़ते हुए पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक बुरी तरह पिचक गया।
घायल चालक वसीम कुरैशी के अनुसार, स्पीड ब्रेकर पर वाहन के जंप करने के बाद गाड़ी अचानक अनबैलेंस हो गई। इसके बाद ब्रेक फेल हो गए और ट्रक ने रफ्तार पकड़ ली। काफी प्रयास के बावजूद वाहन को रोका नहीं जा सका और वह बैरियर से जा टकराया।
हादसे के समय हॉस्टल में छात्र कॉलेज जाने के लिए तैयार हो रहे थे। तेज आवाज सुनकर छात्र डर गए। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।








