रुड़की में दो बहनों की गोली मारकर हत्या, भाई गिरफ्तार; चरित्र पर शक के चलते वारदात को दिया अंजाम

रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की में महज 10 से 15 मिनट के अंतराल में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लगातार हुई दो हत्याओं से शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मृतक बहनों के भाई विवेक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह बहनों के चरित्र पर शक सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, प्रीत विहार निवासी संगीता ई-रिक्शा से सेक्टर रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक बदमाश ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से संगीता की मौत हो गई।

इस घटना के करीब 10 मिनट बाद गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में रहने वाली संगीता की बहन पुष्पा और उसके पति पर घर के बाहर गोली चलाई गई। इस हमले में पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई, जबकि उसका पति गोली लगने से घायल हो गया। घायल पति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक ही परिवार की दो महिलाओं की कुछ ही मिनटों के अंतराल में हत्या किए जाने से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में पुलिस को वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका हुई, जिसके बाद शक की सुई मृतक बहनों के भाई विवेक की ओर गई।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों बहनों की हत्या के आरोपी उनके भाई विवेक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि विवेक को अपनी दोनों बहनों के चरित्र पर शक था। इसी शक के चलते उसने दोनों हत्याओं को अंजाम दिया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और दोनों वारदातों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Author:

Leave a Comment

और पढ़ें