आज ऊधम सिंह नगर में CM धामी का मेगा दौरा, करोड़ों की विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ऊधम सिंह नगर के गदरपुर और रुद्रपुर का दौरा करेंगे। वे कई विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास करेंगे।

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को ऊधम सिंह नगर जिले के दौरे पर रहेंगे। वह गदरपुर और रुद्रपुर में कई करोड़ रुपये से तैयार निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। साथ ही तैयार हो चुकी रिंग रोड का निरीक्षण करने भी जाएंगे।

निर्धारित सरकारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी दोपहर 12:20 बजे गदरपुर स्थित नवीन मंडी हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वह सबसे पहले कम्बोज धर्मशाला पहुंचकर शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे तथा अखंड पाठ में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री एनडीआरएफ परिसर में जवानों से भेंट-वार्ता करेंगे।

दोपहर बाद मुख्यमंत्री गदरपुर के नवनिर्मित बस स्टेशन पहुंचेंगे, जहां बस स्टेशन और खंड विकास कार्यालय भवन का लोकार्पण करेंगे। साथ ही डलबाबा मंदिर से गूलरभोज कूल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक सड़क तथा विभिन्न आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे।
तत्पश्चात मुख्यमंत्री रुद्रपुर में नवनिर्मित रिंग रोड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री रुद्रपुर स्थित कलक्ट्रेट परिसर पहुंचेंगे, जहां शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

इसी कार्यक्रम में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास, पौधारोपण तथा शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से संवाद प्रस्तावित है। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन हेलीपैड रुद्रपुर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के भ्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Author:

Leave a Comment

और पढ़ें